लुधियाना के सुंदर नगर इलाके में चिकन कॉर्नर के बाहर शराब के बिल को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दो युवकों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, जिसके बाद एक ने पिस्टल तान दी। इसके बाद दोनों आरोपी सड़क पर आ गए और दहशत फैलाने के लिए दो हवाई फायर किए। घटना 11 जून रात की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हथियार समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों की पहचान राजन शर्मा और अंकुश शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक रिवॉल्वर, 22 एमएम के छह जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। थाना दरेसी पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हथियार लाइसेंसी था या नहीं और इसका पहले किसी अन्य अपराध में इस्तेमाल हुआ है या नहीं।
Source: Source