पंजाब के लुधियाना में कबाड़ कारोबारी के गोदाम में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। ताजपुर रोड पर हुंदल चौक के पास कक्का पिंड रोड स्थित गोदाम में तीन से चार अज्ञात बदमाश घुस आए। आरोपियों ने कर्मचारियों को डराकर वारदात को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता सतपाल भंडारी के मुताबिक, वह कक्का गांव रोड पर किराये के गोदाम में कबाड़ का कारोबार करते हैं। घटना 14 और 15 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि के दौरान हुई। आरोप है कि बदमाशों ने एक कर्मचारी के हाथ बांध दिए। उन्होंने कर्मचारी को दातर से हमला करने की धमकी देकर डराया। इसके बाद आरोपी प्लास्टिक के थैलों में रखा पीतल और तांबे का स्क्रैप ले गए। बदमाश एक गैस सिलेंडर, डीवीआर और अन्य सामान भी अपने साथ ले गए। गोदाम के कार्यालय की टेबल की दराज में रखे करीब छह से सात हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए। आरोपियों ने चोरी का सामान एक गाड़ी में लादा और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना जमालपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए सामान का पता लगाने में जुटी है।
Source: Source