कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की टीम ने पंजाब के सरकारी स्कूलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए लुधियाना में सोशल ऑडिट अभियान चलाया। सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास टीम के साथ तीन सरकारी स्कूलों में पहुंचे। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। दौरे का वीडियो सौरव दास ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें सुविधाओं और कमियों को दिखाया गया। सेक्टर-32 के स्कूल ऑफ एमिनेंस में एआई लैब, कंप्यूटर लैब, स्विमिंग पूल और रैंप जैसी सुविधाओं की टीम ने सराहना की। हालांकि, वहां वॉशरूम के रखरखाव में सुधार की जरूरत बताई गई। सरकारी प्राइमरी स्कूल जंडियाली में शिक्षण व्यवस्था अच्छी मिली, लेकिन पुरानी इमारत के कारण आधुनिक सुविधाओं की कमी बताई गई। सीजेपी ने मिड-डे मील वर्करों को मिलने वाले 3,000 रुपये के मानदेय को भी कम बताया। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंडियाली में सफाई और हाइजीन से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आने का दावा किया गया। टीम के अनुसार करीब 500 छात्राओं के लिए केवल तीन वॉशरूम थे और इनमें दरवाजे भी नहीं लगे थे। सौरव दास ने ऑडिट रिपोर्ट पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को सौंपी। बैंस ने फीडबैक का स्वागत करते हुए समस्याओं के समाधान की निगरानी करने की बात कही। अरविंद केजरीवाल ने भी सोशल मीडिया पर सौरव दास का धन्यवाद किया और कमियां जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दौरे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जर्जर स्विमिंग पूल और खेल मैदानों की स्थिति नहीं दिखाई गई। बिट्टू ने इसे सरकार के प्रचार से जोड़ते हुए पूछा कि दौरा वास्तविक स्थिति के आकलन के लिए था या पहले से तय प्रचार कार्यक्रम।
Source: Source