हरियाणा के रोहतक जिले के गांव डोभ में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच देर रात किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान लगभग 20 वर्षीय जोशना के रूप में हुई है। वह मूल रूप से असम की रहने वाली थी और उसकी शादी उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी आजाद से हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग पांच और तीन वर्ष बताई गई है। घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिवार गांव डोभ में रहकर कबाड़ी का काम करता था। सूचना मिलने पर थाना बहुअकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source: Source