हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा लुखी बस स्टैंड के पास हुआ। मृतका की पहचान 23 वर्षीय मनीषा के रूप में हुई है, जो तीन बच्चों की मां थी। मनीषा अपने पति और बच्चों के साथ गांव के पास बने एक डेरे में रहती थी। घटना के समय वह सड़क पार कर रही थी, तभी कोसली की ओर से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मनीषा को राहगीरों की मदद से पहले सीएचसी नाहड़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के पति प्रेमनाथ की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source: Source