दंतेवाड़ा में किरंदुल-कोत्तावालसा रेल लाइन के दोहरीकरण कार्य के कारण आगामी एक सप्ताह तक रेल सेवाओं में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे के आदेशानुसार, 26 जून से 2 जुलाई तक दंतेवाड़ा और किरंदुल के बीच यात्री ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। भांसी-कमालूर सेक्शन में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग और दोहरीकरण के काम के चलते विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर और नाइट एक्सप्रेस अब केवल दंतेवाड़ा तक ही आएंगी और वहीं से वापस रवाना होंगी। इस दौरान किरंदुल जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग का विकल्प चुनना होगा। हालांकि, लौह अयस्क का परिवहन पूर्व की भांति जारी रहेगा। 443 किमी लंबी इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और 2028 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दोहरीकरण के बाद क्षेत्र में यात्री ट्रेनों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी, लेकिन फिलहाल रेल सेवा बाधित होने से स्थानीय यात्रियों में असंतोष देखा जा रहा है।
Source: Source