रायपुर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर खुद को डॉन और गैंगस्टर दिखाने वाले युवाओं पर पुलिस सख्ती बरत रही है। लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में कुछ लोग कानून की अनदेखी कर रहे हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर चाकू, कट्टा और पिस्टलनुमा वस्तुओं के साथ वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। इन वीडियो में हथियार लहराने, गाली-गलौज करने और मारपीट का प्रदर्शन करने जैसे दृश्य दिखाई देते हैं। कुछ वीडियो में धमकी भरे अंदाज में भी खुद को पेश किया जाता है। पहले इस तरह की हरकतें मुख्य रूप से आदतन बदमाशों तक सीमित थीं। अब सामान्य युवक और नाबालिग भी ऐसी रील बनाने लगे हैं। इसके चलते कई लोग कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ रहे हैं। पुलिस ने पिछले साल इस तरह के मामलों में 96 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस साल भी 20 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। खमतराई, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और डीडी नगर जैसे इलाकों में ऐसे मामलों में केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाना है।
Source: Source