रायपुर के मोतीबाग इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। घटना के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि एक थार वाहन चालक ने रैश ड्राइविंग करते हुए कई दोपहिया वाहनों को कट मारा। इसी दौरान एक बाइक सवार को टक्कर लगने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर चालक का विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान युवक ने अपने परिचय और प्रभाव का हवाला देकर दबाव बनाने की कोशिश की। कुछ लोगों ने उस पर रसूख दिखाने और पुलिस बुलाने की धमकी देने का आरोप लगाया। वायरल वीडियो में बहस, धक्का-मुक्की और मारपीट जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा युवक को थप्पड़ मारते हुए भी देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना को लेकर आवश्यक तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
Source: Source