छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने अपनी पत्नी के बैंक खाते से 28 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। पीड़िता प्रभा डनसेना के अनुसार, पति मनोज डनसेना के साथ विवाद के कारण वह 2024 से अलग रह रही है और दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसकी अनुपस्थिति और सहमति के बिना उसके निजी बचत खाते को ज्वाइंट अकाउंट में बदलवा लिया। इसके बाद 3 जुलाई को उसने खाते से 28.04 लाख रुपये की पूरी जमा राशि निकाल ली। जब पीड़िता बैंक पहुंची, तब उसे अपने खाते से पैसे गायब होने की जानकारी मिली। महिला ने तुरंत इसकी शिकायत भूपदेवपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बैंक से जुड़े सभी दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। पति की इस करतूत ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और मामले के अन्य पहलुओं की विवेचना में जुटी है।
Source: Source