यमुनानगर के बिलासपुर-सढ़ौरा रोड पर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा बुधवार शाम अज्ञात आश्रम के पास हुआ। मृतका की पहचान गांव धर्मकौअ निवासी ऊषा रानी के रूप में हुई है। 74 वर्षीय ऊषा रानी आश्रम से निकलकर पैदल बिलासपुर की ओर जा रही थीं। उसी समय उनका बेटा उन्हें लेने के लिए आश्रम पहुंचा था। बेटे के सामने ही कैंटर ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें पहले बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर हालत के चलते उन्हें जगाधरी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कैंटर चालक हर्षदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
Source: Source