यमुनानगर के गांव ऊंचा चंदना में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने गांव दौलतपुर की बर्खास्त पूर्व सरपंच पिंकी रानी को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला दिसंबर 2025 में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र नेपाल राणा के एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा राज्य आजीविका मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र राणा ने आरोप लगाया था कि पिंकी रानी ने उनका रास्ता रोका, सरकारी काम में बाधा डाली और उनके साथ मारपीट की। इस शिकायत पर मार्च 2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। वहीं, पिंकी रानी ने भी देवेंद्र राणा और उनके साथियों पर जातिसूचक शब्द कहने, थाने में मारपीट करने और गला दबाने के गंभीर आरोप लगाए थे, जिस पर पुलिस ने पहले क्रॉस केस दर्ज किया था। पिंकी रानी को इस साल जनवरी में दो पदों का मानदेय लेने के आरोप में उपायुक्त द्वारा सरपंच पद से बर्खास्त कर दिया गया था। थाना छप्पर प्रभारी अजय ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस पूरी सावधानी बरत रही है।
Source: Source