पंजाब के मोहाली में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की आरोपी से कुछ महीने पहले स्नैपचैट के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती को मिलने के लिए बुलाया। वह उसे लांडरां रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने पहले युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दो साथी कमरे में आए और उन्होंने भी कथित तौर पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने चचेरे भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच एक महिला पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है।
Source: Source