मोहाली के डेराबस्सी के खेड़ी गांव में खुदाई के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन टूट गई। यह घटना पंडवाला-सुंडरां-खेड़ी रोड पर रात के समय हुई। जानकारी के मुताबिक, जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान अदाणी कंपनी की मुख्य गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही तेज दबाव के साथ गैस बाहर निकलने लगी। गैस के दबाव से आसपास की मिट्टी दूर तक उछल गई और सड़क किनारे बड़ा गड्ढा बन गया। अचानक गैस रिसाव से मौके पर अफरा-तफरी और लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों को सबसे ज्यादा चिंता गैस में आग लगने की थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, पाइपलाइन में आग नहीं लगी और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गैस कंपनी की टीमें मौके पर पहुंचीं। तकनीकी टीम ने पाइपलाइन का मुख्य वाल्व बंद कर गैस की सप्लाई रोक दी। इसके बाद गैस का रिसाव धीरे-धीरे बंद हो गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मौके पर किसी तरह के खतरे की स्थिति नहीं है और पाइपलाइन की मरम्मत का काम जारी है। घटना ने संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी से खुदाई से पहले भूमिगत गैस, बिजली और अन्य पाइपलाइनों की जानकारी लेने तथा सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की जरूरत पर सवाल खड़े किए हैं।
Source: Source