पंजाब के मोगा में एक एंबुलेंस चालक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। रामगंज इलाके में अज्ञात युवकों ने मरीज को फरीदकोट ले जाने के बहाने चालक को बुलाया और कथित तौर पर किरपान, हॉकी और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। हमले में घायल एंबुलेंस चालक मनिंदर सिंह को सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। चालक के अनुसार, उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया था और मरीज को ले जाने के लिए बुलाया गया था। किराए को लेकर बातचीत के बाद जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा, तभी बाइक सवार युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
Source: Source