मोगा-जीरा रोड पर एक खाली प्लॉट से गुरुवार को 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव धल्लेके निवासी सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। शव करीब 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है। गर्मी और खुले में पड़े रहने के कारण शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सामाजिक संस्था की मदद से शव को कब्जे में लिया। समाज सेवा सोसायटी मोगा की टीम ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद मातम छा गया। पुलिस युवक के खाली प्लॉट तक पहुंचने और उसकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source