पंजाब सरकार ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली पर नियंत्रण के लिए मालेरकोटला में फीस रेगुलेटरी बॉडी का गठन किया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद समाजसेवी निसार अहमद थिंद को जिला रेगुलेटरी बॉडी का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की सिफारिश मालेरकोटला विधायक डॉ. जमील उर रहमान ने की थी। इस पद पर निसार अहमद थिंद का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। विधायक ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। रेगुलेटरी बॉडी जिले के निजी स्कूलों द्वारा ली जा रही फीस की जांच करेगी। अधिक फीस वसूली पाए जाने पर अभिभावकों को अतिरिक्त राशि वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। निसार अहमद थिंद ने जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए काम किया जाएगा। निसार लंबे समय से सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वह रोटरी क्लब मालेरकोटला के स्कूल फॉर ब्लाइंड एंड डिसेबल्ड की प्रबंधकीय समिति के सह-अध्यक्ष भी हैं।
Source: Source