पंजाब के मानसा जिले के बुढलाडा कस्बे में सुबह एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव दरियापुर खुर्द निवासी 29 वर्षीय राजदीप सिंह के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह सुबह करीब 4 बजे काम पर जा रहा था। इसी दौरान दरियापुर और कुलाना के बीच रेलवे फाटक के पास अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में राजदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक बुढलाडा की सब्जी मंडी में मुनीम का काम करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और सिविल अस्पताल बुढलाडा में रखवाया गया है। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर शक जताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी की तलाश जारी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Source: Source