मानसा पुलिस ने पंजाब पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अर्श डल्ला गैंग से जुड़े दो कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें चार .32 बोर पिस्तौल और एक .315 बोर देसी कट्टा शामिल है। पुलिस ने 13 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। सीआईए स्टाफ की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़ा। उनकी पहचान मानसा निवासी अमृतपाल सिंह और गांव मूसा निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों के गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते गिरफ्तारी होने से कथित योजना को नाकाम कर दिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर पहले भी नशा तस्करी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। एसएसपी वैभव चौधरी ने कहा कि अपराध और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक योजना से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
Source: Source