हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में प्राइवेट बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना नारनौल-दादरी रूट पर चलने वाली एक निजी बस में हुई। आरोप है कि शराब के नशे में एक युवक ने नांगल सिरोही के पास बोलेरो गाड़ी लगाकर बस का रास्ता रोका और चालक व परिचालक के साथ मारपीट की। घटना के बाद बस को महेंद्रगढ़ सदर थाना लाया गया, जहां पुलिस को शिकायत दी गई और घायलों का मेडिकल करवाया गया। बस परिचालक भूपेश ने बताया कि बस नारनौल से दादरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान नांगल सिरोही के पास एक बोलेरो चालक ने अचानक बस के आगे गाड़ी लगाकर ब्रेक मार दी। इससे बस चालक को अचानक बस रोकनी पड़ी। शराब के नशे में था युवक आरोप है कि युवक शराब के नशे में था और उसने चालक के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। घटना के दौरान बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। यात्री बस से उतरे मारपीट और हंगामे के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री डर के कारण बस से नीचे उतर गए। भूपेश के अनुसार आरोपी युवक ने कुछ दूरी आगे जाकर दोबारा बस के आगे बोलेरो लगाकर बस को रोक लिया और फिर हमला कर दिया। बस को ले गए थाने बस कर्मचारियों ने बताया कि मामले की सूचना डायल 112 पर देने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद चालक और परिचालक बस को सीधे महेंद्रगढ़ सदर थाना लेकर पहुंचे। वहां पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा।
: Source