महासमुंद जिले में इस मानसून लगातार बारिश का दौर जारी है। रविवार को भी अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश और फुहारें पड़ती रहीं। चालू मानसून सीजन में जिले की औसत बारिश 1000 मिमी के पार पहुंच गई है। 30 अगस्त तक जिले में औसतन 1029.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों की समान अवधि के औसत 790.8 मिमी से करीब 30.1 प्रतिशत अधिक है। इस सीजन में पिथौरा और सरायपाली तहसीलों में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। पिथौरा में सामान्य औसत से 44.5 प्रतिशत और सरायपाली में 62.7 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। 1 जून से 8 अगस्त के बीच 2026 में 793.6 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सूचीबद्ध वर्षों में सर्वाधिक है। लगातार बारिश से कोडार जलाशय पूरी तरह लबालब हो गया और जलस्तर 30.50 फीट की निर्धारित क्षमता पार कर 32 फीट तक पहुंच गया। जल संसाधन विभाग ने दबाव कम करने के लिए जलाशय के दोनों गेट खोलकर कुल 500 क्यूसेक पानी छोड़ा। भारी बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन प्रभावित हुआ। नदी-नालों और रपटों में अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और जलमग्न रपटों को पार न करने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
Source: Source