महासमुंद पुलिस ने ग्राम बेमचा के पनखटिया तालाब किनारे चल रहे जुआ फड़ पर कार्रवाई की है। पुलिस की अचानक दबिश से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां पिछले छह महीने से जुआ संचालित हो रहा था। मुखबिर की सूचना पर 4 अगस्त की रात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से 52 पत्ती ताश के जरिए रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेलते लोग मिले। पुलिस ने 31,980 रुपये नकद, 11 बाइक और चार स्मार्टफोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.83 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में सालिक राम चंद्राकर, राजकुमार निषाद और दीपक चंद्राकर शामिल हैं। पुलिस ने कुल 13 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस जांच जारी रखे हुए है।
Source: Source