छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मरहीमाता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार पर टाटीधार के पास हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पिकअप वाहन को साइड देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बाइक और पिकअप सवार बदमाशों ने परिवार को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों, मुक्कों और पत्थरों से हमला किया। इस हमले में एक बच्चे का सिर फट गया और कई महिलाएं व अन्य परिजन घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत पर बेलगहना थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह हालात संभाले। हमलावर मौके से फरार हो गए और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मामले की जांच कोटा पुलिस से बेलगहना थाने को सौंप दी गई है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
Source: Source