मनेंद्रगढ़ शहर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वार्ड क्रमांक 9 में निर्माणाधीन मकान के सामने स्थित गोदाम को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात चोर करीब 2 क्विंटल लोहे की सरिया चोरी कर ले गए। इसके साथ ही लोहे की ग्रिल और खिड़कियां भी चोरी हुई हैं। मकान मालिक हुसैन ने 9 सितंबर को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को करीब 6 क्विंटल सरिया खरीदकर गोदाम में रखी गई थी। चोरों ने इसमें से करीब 2 क्विंटल सरिया चोरी कर ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरी के आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। मौहारपारा और रेलवे कॉलोनी में भी पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार वारदातों से आसपास के इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। रेलवे कॉलोनी में महिलाएं रात के समय हाथों में डंडे लेकर घरों और मोहल्ले की निगरानी कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर चिंता जताई है।
Source: Source