पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की हत्या की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में वारदात को पंजाब के मोरिंडा से जोड़ा जा रहा था, लेकिन अब चंडीगढ़ के सेक्टर-34 को संभावित घटनास्थल माना जा रहा है। पुलिस ने कपूरथला निवासी परमिंदर सिंह उर्फ पिंडा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पिंडा ने मुख्य आरोपी रिंकू का साथ देने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार रिंकू और मंजीत कौर के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना से पहले दोनों के बीच बहस और हाथापाई होने की बात सामने आई है। इसके बाद मंजीत को कार में बैठाकर सेक्टर-34 के एक पार्क के पीछे ले जाने का दावा किया गया है। सूत्रों के मुताबिक इसी जगह उसके साथ मारपीट और जलाने की घटना हुई। मामले में रिंकू और शुभी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार मंजीत करीब तीन महीने की गर्भवती थी और गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि बच्चे के पिता और विवाद से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस घटना की सच्चाई पता लगाने के लिए रात का डंप डाटा, कॉल डिटेल और मोबाइल टावर लोकेशन खंगाल रही है। इन तकनीकी साक्ष्यों से घटना के समय सेक्टर-34 और आसपास मौजूद लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मंजीत की मां ने शुरुआत से ही रिंकू और पिंडा पर शक जताया था। पुलिस अब पिंडा से पूछताछ के जरिए फरार आरोपियों तक पहुंचने और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।
Source: Source