भानुप्रतापपुर-केंवटी मार्ग पर मालापारा के पास बुधवार को सड़क हादसा हुआ। शराब के नशे में धुत ट्रक चालक ने आगे चल रहे बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। बाइक सवार उछलकर सड़क से दूर जा गिरा। गनीमत रही कि युवक ने हेलमेट पहना हुआ था। हेलमेट की वजह से उसकी जान बच गई, हालांकि उसे चोटें आई हैं। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार की पहचान मोनू सरकार के रूप में हुई है। वह ड्यूटी के बाद एकलव्य आवासीय विद्यालय फरसकोट से भानुप्रतापपुर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक को अत्यधिक नशे में देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने कथित तौर पर ट्रक चालक की पिटाई कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
Source: Source