अमृतसर में बैंक के कब्जे वाली संपत्ति में कथित रूप से अवैध प्रवेश करने का मामला सामने आया है। छेहरटा पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पंजाब ग्रामीण बैंक की जिला परिषद शाखा की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप है कि छेहरटा निवासी सतनाम सिंह और उसके साथियों ने बैंक की ओर से लगाई गई सरकारी सील और ताले तोड़ दिए। इसके बाद वे कथित तौर पर कब्जे वाली संपत्ति के भीतर दाखिल हो गए। आरोपियों पर घर के अंदर रखा सामान खुर्द-बुर्द करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source