बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर (नयापारा) में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ गली के बीचों-बीच 26 वर्षीय युवक इरफान बघीरा का खून से लथपथ शव मिला है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस को घटनास्थल से साक्ष्य के तौर पर खून से सने सीमेंट के दो बड़े पत्थर (पोलनुमा) मिले हैं, जिनसे युवक पर हमला किए जाने की आशंका है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को घेराबंदी कर सील कर दिया। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम को समझने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। युवक की इस तरह निर्मम हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस इसे आपसी रंजिश या किसी पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि हो सके। इस सनसनीखेज घटना ने स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
Source: Source