छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-46 नयापारा गणेश नगर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों को गली में खून से लथपथ शव मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय इरफान बघीरा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के पास सीमेंट के दो बड़े पत्थर मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं से हमला कर हत्या की गई है। शव के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही मृतक के परिचितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सहित कई एंगल पर जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Source: Source