छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में टायर फटने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी में निर्माणाधीन कॉलोनी में जेसीबी के टायर में हवा भरी जा रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 18 वर्षीय हेल्पर उमाकांत कौशिक करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछल गया। जमीन पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जेसीबी ऑपरेटर, एक मैकेनिक और अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने के बाद हेल्पर को उछलते हुए साफ देखा जा सकता है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में बरती गई लापरवाही पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचित करने और घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने में जुटी है।
Source: Source