बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जिनके पास से 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 6.25 लाख रुपये है। पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध लोग उसलापुर रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रॉली बैग के साथ मौजूद हैं। हैरानी की बात यह है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर अपने साथ 5 साल के एक बच्चे को ढाल बनाकर ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी प्रकाश नायक, नेहा सिंह और जांजगीर-चांपा की अर्चना सिंह शामिल हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि बच्चे को सुरक्षा के मद्देनजर बाल संप्रेक्षण गृह में स्थानांतरित कर दिया गया है।
Source: Source