बिलासपुर जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान दो दुकानों पर खाद बिक्री में अनियमितताएं सामने आईं। एक दुकान पर किसानों को निर्धारित रकबे से ज्यादा यूरिया बेचने का मामला मिला। दूसरी दुकान पर खाद की बिक्री दर की सूची प्रदर्शित नहीं की गई थी। कृषि विभाग ने दोनों दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तखतपुर विकासखंड के डोमनपुर स्थित जायसवाल ट्रेडर्स की भी जांच की गई। यहां निर्धारित सीमा से अधिक यूरिया बेचने की पुष्टि हुई। उर्वरक निरीक्षक एके सिन्हा ने संचालक से सात दिन में जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उर्वरक लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है। पाली स्थित शुभम कृषि केंद्र पर रेट लिस्ट नहीं लगाने की अनियमितता मिली। इस मामले में भी दुकान संचालक को नोटिस जारी किया गया है। कार्रवाई के दौरान तखतपुर के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आरएल पैंकरा मौजूद रहे। कृषि विभाग ने दुकानदारों को खाद बिक्री के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद उपलब्ध कराने में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नोटिस के जवाब और आगे की जांच के आधार पर दोनों दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।
Source: Source