बालोद जिले में मई महीने के दौरान सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों के आंकड़ों में राहत भरी गिरावट देखी गई है। जिला यातायात पुलिस की मासिक रिपोर्ट के अनुसार, मई में 35 सड़क हादसे हुए जिनमें 13 लोगों की मृत्यु हुई और 28 लोग घायल हुए। पिछले साल मई की तुलना में इस बार 20 हादसे और 11 मौतें कम दर्ज की गई हैं। अप्रैल माह की तुलना में भी हादसों की संख्या में 26 की कमी आई है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से मई तक सड़क हादसों में मृत्यु दर में 18.33 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, विभाग का दावा है कि हर महीने 3,500 से अधिक लोग यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इस साल अब तक 17,612 चालकों पर करीब 70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 324 लोग और बिना हेलमेट के 879 वाहन चालक शामिल हैं। एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई का ही यह सकारात्मक परिणाम है। प्रशासन सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
Source: Source