छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में कई जगहों पर इंटरनेट के केबल बिजली के खंभों से झूलकर सड़क तक आ गए हैं। इस लापरवाही से वाहन चालकों के फंसने या गिरने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। साथ ही आवारा मवेशियों के भी चपेट में आने की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, केबल सही तरीके से न तो टाई किए गए हैं और न ही उनकी मरम्मत ही समय पर हो पा रही है। यह झूलते केबल छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए सबसे खतरनाक साबित हो सकते हैं। रात के समय दृश्यता कम होने से हादसे की संभावना और बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी अवधबिहारी साहू ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए संबंधित इंटरनेट कंपनियों से तत्काल समाधान निकालने की मांग की है। फिलहाल न तो किसी कंपनी ने इस मामले पर कोई कार्रवाई की है और न ही प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरेंगे।
Source: Source