छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई। घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के मेन रोड पर हिंदू होटल के सामने हुई। बुधवार रात करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही 24 वर्षीय शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार परिवार के लोग डौंडी के बंधियापारा से शादी समारोह में शामिल होने ग्राम चिपरा-कुसुमकसा गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। हादसे के समय कार शारदा के दादा रंजीत पाटिल चला रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source