बालोद जिले के ग्राम मनकी में जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी तेजपाल टंडन पर एक मृत व्यक्ति के फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 4.74 हेक्टेयर भूमि हड़पने का आरोप है। इस जमीन का सौदा करीब 91.84 लाख रुपये में किया गया था। प्रार्थी उदयालिक राम ठाकुर की शिकायत के अनुसार, जमीन के असली मालिकों के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा किया गया। साजिश के तहत जनवरी 2025 में फर्जी दस्तावेजों और नकली गवाहों के जरिए यह रजिस्ट्री कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्जुंदा थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि रामभाऊ नामक व्यक्ति की मृत्यु 1993 से पहले ही हो चुकी थी, लेकिन उनके नाम का इस्तेमाल कर यह धोखाधड़ी की गई। पुलिस के अनुसार, वर्ष 1983-84 के सर्वेक्षण रिकॉर्ड में यह जमीन सखाराम, दुलसिंग और जीवराखन के नाम पर दर्ज थी। आरोपी ने सुनियोजित तरीके से दस्तावेजों में हेरफेर कर सुनील कुमार कोठारी और फिर खुद के नाम पर जमीन ट्रांसफर कराई। फिलहाल, पुलिस इस पूरे गिरोह और फर्जीवाड़े के पीछे की कड़ियों को खंगालने में जुटी है। इस धोखाधड़ी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
Source: Source