बालोद जिले के ग्राम बरही में एक हृदयविदारक घटना में कोबरा सांप के डसने से 90 वर्षीय अंकलही बाई साहू की जान चली गई। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब बुजुर्ग महिला अपने घर के आंगन में झाड़ू लगा रही थी। कम दिखाई देने के कारण उन्हें वहां मौजूद कोबरा सांप का पता नहीं चला और उसने उनके पैर में डस लिया। महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते परिजन उन्हें आनन-फानन में ई-रिक्शा के जरिए अस्पताल ले जाने के लिए निकले। रास्ते में एंबुलेंस मिलने पर उन्हें उसमें शिफ्ट किया गया और जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सांप वहीं पास में ही फन फैलाकर बैठा रहा, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों ने मार गिराया। मृतका अपने बेटे चैतूराम साहू के साथ रहती थी और अत्यधिक उम्र होने के बावजूद अपने दैनिक कार्य स्वयं करती थी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। स्वास्थ्य सेवाओं की देरी पर स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई है।
Source: Source