बहादुरगढ़ के सेक्टर-17 स्थित HSIIDC औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को कॉम्बिट फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने पिछले तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और घर का खर्च चलाना दूभर हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ महिला कर्मचारियों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने और जबरन चौकी ले जाने की कोशिश का आरोप लगाया। हालांकि, विरोध प्रदर्शन के दबाव में देर शाम कंपनी प्रबंधन ने कुछ कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी कर दिया। कर्मचारियों ने अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और शेष वेतन के भुगतान की मांग की है।
Source: Source