बस्तर संभाग में तीन दिनों की भारी बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में नदियां उफान पर हैं। कई गांवों का संपर्क टूट गया और निचले इलाकों में पानी भर गया। नारायणपुर के बालेबेड़ा स्थित BSF कैंप में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे जवानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दंतेवाड़ा में इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा बलों के कैंप भी प्रभावित हुए। सुकमा से तेलंगाना को जोड़ने वाला NH-30 जलमग्न होने से यातायात बाधित हो गया। बीजापुर के चंदनगिरी, तीमेड और देपला गांवों में बाढ़ का सबसे अधिक असर देखने को मिला। यहां फंसे करीब 200 ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। नगर सेना, प्रशासन और सुरक्षा बलों ने मिलकर राहत अभियान चलाया। मौसम साफ होने लगा है, लेकिन कई क्षेत्रों में अभी भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
Source: Source