बलौदाबाजार में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ग्रामीणों को अपने पास बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस बार दूरदराज के ग्रामीण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी जुड़े। एक ग्रामीण रामचंद्र ने ऑनलाइन शिकायत की कि उन्हें बिना हस्ताक्षर के एक ऋण का जमानतदार बना दिया गया है। मूल हितग्राही ने ऋण नहीं चुकाया, जिससे बैंक अधिकारी उन्हें जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। कलेक्टर ने यह सुनते ही जिला अंत्यवसायी अधिकारी को फटकार लगाई और मामले की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना हस्ताक्षर के जमानतदार बनाना कानूनन गलत है। इसके अलावा पीएम आवास, महतारी वंदन योजना, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें भी आईं। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को 15 दिनों में हर शिकायत का निराकरण करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने कलेक्टर के इस अंदाज की सराहना की।
Source: Source