बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के पास खोरसी नाला पार करते समय सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली विभाग की एक पिकअप गाड़ी नाले के तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गई, जिससे उसमें सवार चार कर्मचारियों की जान पर बन आई। तीन कर्मचारी तो तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन 23 वर्षीय विद्युत कर्मी पार्थिक ध्रुव पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह खैरी रपटा छुईहा मार्ग के निकट युवक का शव बरामद कर लिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का प्राथमिक कारण पानी में डूबना सामने आया है। पुलिस ने इस हृदयविदारक घटना पर मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने बारिश के दौरान उफनते नालों को पार न करने की अपील की है।
Source: Source