पंजाब के बरनाला में पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बठिंडा रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 7 क्विंटल अफीम डोडा (चूरा पोस्त) बरामद किया। ट्रक से प्लास्टिक के 35 बोरे मिले, हर बोरे में 20-20 किलोग्राम नशीला पदार्थ था। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर ताज मोहम्मद को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। ताज मोहम्मद पेशेवर अपराधी है और 2014 में एनडीपीएस एक्ट में 10 साल की सजा काट चुका है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र और जींद में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। फरार आरोपियों में भवन सिंह (मलेरकोटला) और लाला सिंह (बरनाला) शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस अब रिमांड पर पूछताछ कर यह जानने की कोशिश करेगी कि यह खेप कहाँ से लाई गई और पंजाब में इसकी सप्लाई किन्हें करनी थी।
Source: Source