मोहाली विजिलेंस फ्लाइंग स्क्वाड ने बठिंडा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस थाने में तैनात एक एसएचओ और हवलदार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों ने एक व्यक्ति के बेटे को गिरफ्तार न करने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी। विजिलेंस टीम ने कई घंटों तक थाने में कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए मोहाली ले जाया गया। शिकायतकर्ता रितु रानी ने आरोप लगाया कि साइबर थाने के अधिकारियों ने उनके बेटे से जुड़े एक मामले में पैसे मांगे थे। उन्होंने इस संबंध में मोहाली विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जांच की और कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे मांगने की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जांच एजेंसी को सौंपी थी। विजिलेंस ने दोनों आरोपियों को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source: Source