पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला में हाथी गेट के पास स्थित एक कबाड़खाने में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बटाला फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए गुरदासपुर और अमृतसर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। संयुक्त प्रयास से करीब चार घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब चार बजे टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले आग की लपटें देखीं। कबाड़खाना अश्विनी महाजन का बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फायर अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कई टीमों की मदद मिलने से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
Source: Source