पंजाब के फाजिल्का में बॉर्डर रोड पर स्थित फ्लाईओवर के पास एक बेहद हैरान करने वाली लूट की वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी एंबुलेंस चालक को घेर लिया और धारदार हथियार के बल पर उससे नगदी व बाइक की चाबी लूट ली। पीड़ित की पहचान गांव सुरेशवाला निवासी राजिंदरपाल के रूप में हुई है, जो रात को अपना काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। राजिंदरपाल के अनुसार, बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन भी छीनने का प्रयास किया था, लेकिन जब उन्होंने बताया कि वह एक एंबुलेंस चालक हैं और उनके पास मरीजों की आपातकालीन कॉल आती रहती हैं, तो बदमाशों ने इंसानियत दिखाते हुए उनका मोबाइल वापस लौटा दिया। पीड़ित ने यह भी बताया कि जब बदमाश उन्हें धमका रहे थे, तब उन्होंने बदमाशों से कहा कि वे उन्हें पहचानते हैं, जिसके बाद आरोपियों ने उन पर शारीरिक हमला नहीं किया और मौके से फरार हो गए। इस घटना से सीमावर्ती इलाके के लोगों में भारी डर का माहौल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई सूरज प्रकाश ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source