मोगा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य एजेंट कुलबीर सिंह उर्फ बब्बू को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को अवैध रूप से विदेश भेजता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश जाने के इच्छुक लोगों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को निशाना बनाते थे। गिरोह फर्जी कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट (CDC) और अन्य दस्तावेज तैयार करता था। इन दस्तावेजों की मदद से लोगों को यूरोप, यूके और अन्य देशों में भेजने का दावा किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक व्यक्ति से करीब 20 लाख रुपये लेकर उसे यूके भेज चुके थे। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Source: Source