फरीदाबाद के इस्माइलपुर में चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। समस्या के समाधान के लिए पहुंचे जूनियर इंजीनियर (JE) शिवकुमार को प्रदर्शनकारी महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने JE पर अभद्रता और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं JE का कॉलर पकड़कर खींचती और उन्हें धक्के मारती हुई दिख रही हैं। कॉलोनी के लोगों ने बीच-बचाव कर JE को महिलाओं के चंगुल से छुड़ाया। दूसरी ओर, JE ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज अपनी भड़ास निकालने का तरीका बताया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार चार दिनों से बिजली न होने के कारण उन्हें पेयजल के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। बिजली विभाग अब आपूर्ति बहाल करने के काम में जुटा है।
Source: Source