हरियाणा के फतेहाबाद में सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम ने मंगलवार को सब्जी मंडी और मार्केट कमेटी कार्यालय में छापेमारी की। डीएसपी विक्रमजीत सिंह भादू के नेतृत्व में टीम ने नई सब्जी मंडी में अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान मंडी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और विभिन्न गतिविधियों की गहन जांच की गई। मार्केट कमेटी के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया। बाद में टीम ने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर रिकॉर्ड की विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला गया। इसी दौरान जुर्माना लगाने की बात पर एक दुकानदार भड़क गया और अधिकारियों से बहस हो गई, जिसे बाद में अन्य दुकानदारों ने शांत कराया। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है।
Source: Source