पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक भीषण सड़क हादसे में अमलोह के युवा कारोबारी की मौत हो गई। हादसा मंडी गोबिंदगढ़ के अमलोह रोड पर देशभक्त यूनिवर्सिटी के पास हुआ। घटना गुरुवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार में सवार दो लोग मंडी गोबिंदगढ़ से अमलोह लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका इंजन करीब 20 फीट दूर जा गिरा। हादसे में दिनेश अरोड़ा उर्फ काकू की मौत हो गई, जो अमलोह में मोबाइल कारोबार चलाते थे। उनके साथी आशु गोयल गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हादसे के बाद कुछ सामान गायब होने की शिकायत भी दर्ज कराई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, मां और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के अनुसार, उनकी बहन के विदेश से लौटने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Source: Source