रायपुर के बीरगांव में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बनाने का मामला सामने आया है। फूड एंड सेफ्टी विभाग ने ओडिशा भेजी जा रही 650 किलो पनीर की खेप जब्त की है। मुखबिर की सूचना पर टीम ने जोरा मॉल के पास पिकअप वाहन को रोककर कार्रवाई की। वाहन में रखे पनीर के संबंध में ड्राइवर के पास जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पनीर बीरगांव की पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री परिसर में तैयार किया जा रहा था। इसी परिसर में अंशु बंसल द्वारा सांवरिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट के नाम से पनीर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। विभाग ने जब्त पनीर का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी फैक्ट्री में पनीर बनाने की प्रक्रिया और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं। रायपुर में पिछले एक महीने में एनालॉग पनीर को लेकर फूड एंड सेफ्टी विभाग ने पांच कार्रवाई की हैं। इनमें तीन मामलों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें दो जगह पनीर अमानक और एक जगह मानक के अनुरूप पाया गया। दो अन्य मामलों की रिपोर्ट अभी लंबित है। अमानक पाए गए पनीर के मामलों में विभाग प्रकरण तैयार कर अदालत में पेश करने की तैयारी कर रहा है। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध की घोषणा 31 जुलाई को राजपत्र में प्रकाशित की गई थी।
Source: Source