लुधियाना में पुलिस वर्दी पहने बदमाशों द्वारा कारोबारी को अगवा कर लूटने का मामला सामने आया है। सेक्टर-32-ए चंडीगढ़ रोड स्थित पटवार खाने में जमीन की फर्द लेने पहुंचे साइकिल पार्ट्स कारोबारी गुरप्रीत सिंह को चार लोगों ने कथित तौर पर कार में बैठा लिया। आरोप है कि बदमाशों में से एक पुलिस की वर्दी पहने हुए था। पीड़ित को कार में मारपीट करते हुए दोराहा और समराला की ओर ले जाया गया। इसके बाद आरोपी हथियारों के बल पर उसे घर ले गए और परिवार को दबाव में रखा। शिकायत के अनुसार, बदमाश घर से चेकबुक लेकर गए और बैंक से 2 लाख रुपये का सेल्फ चेक क्लियर करवाया। इसके अलावा पीड़ित की जेब से 22 हजार रुपये भी छीन लिए गए। घटना के बाद कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पटवार खाने और बैंक के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। जांच में एक आरोपी की पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना डिवीजन नंबर 7 पुलिस ने संदीप सिंह और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source